पंजाब के लोकगीत

सुहाग और सगनों के गीतों में भंगड़े-गिद्दे की मस्ती और दुल्हन की भावपूर्ण विदाई से लेकर, हीर-रांझा के अमर प्रेम तक—पंजाबी लोकगीतों में पंजाब की मिट्टी, रिश्तों, उत्सवों और जीवन की धड़कन बसती है।

पंजाबी लोकगीत वहाँ की समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाजों, ऋतुओं और भावनाओं को दर्शाने वाली मौखिक परंपरा का हिस्सा हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी चले आ रहे ये गीत जीवन के हर अवसर—जैसे जन्म, विवाह, त्योहार और विरह—से जुड़े हुए हैं।

पंजाब के प्रमुख लोकगीत

  • विवाह और संस्कार गीत: शादी के अवसर पर गाए जाने वाले गीत पंजाब की लोक परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा हैं:
    • सुहाग: दुल्हन के घर में महिलाओं द्वारा गाए जाने वाले गीत, जिनमें वर के लिए शुभकामनाएँ और माता-पिता के घर से विदाई के भाव होते हैं। सुहाग गीत दुल्हन के मायके में शादी की रस्मों और विदाई के दौरान महिलाएं गाती हैं और दुल्हन के नए जीवन की दुआएँ करती हैं।
      कुछ प्रसिद्ध पंजाबी सुहाग गीत:
      – साडा चिड़ियां दा चंबा वे
      – मधानियां हाय वे मेरे
      – आया लाडिये नी तेरा
      – सड़के-सड़के जांदिये मुटियारे  
    • घोड़ियाँ: दूल्हे के घर में विवाह की रस्मों और घुड़चढ़ी के समय गाए जाने वाले मंगल गीत। इनमें दूल्हे की शान, परिवार के प्यार और आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाओं का जिक्र होता है।
      कुछ प्रसिद्ध पंजाबी घोड़ियाँ:
      – मत्थे ते चमकण वाल
      – जदों चढ़ेया वीरा घोड़ी वे
      – घोड़ी इक लख दी
      – सुहे वे चीरे वालिया
    • सगनां दे गीत: दूल्हे और दुल्हन, दोनों के घरों में विवाह के कुछ दिन पहले से माहौल संगीतमय और खुशियों का हो जाता है। रिश्तेदार-अड़ोसी-पड़ोसी रोज़ाना शाम को अपने कामों से निवृत्त होकर गीतों और नृत्यों में डूब जाते हैं। ढोलकी लेकर महिलाएँ बैठ जाती हैं, एक महिला ढोलकी के सामने चम्मच लेकर ढोलकी की लय से ढोलकी पर चम्मच बजाती है औ बाकी सब लोग उसी लय पर ताली मारते हुए सगनां दे गीत गाते हैं, नाचते हैं।
      कुछ प्रसिद्ध सगनां दे गीत:
      – काला डोरिया कुण्डे नाल
      – लट्ठे दी चादर उत्ते सलेटी रंग माहिया
      – चिट्टा कुक्कड़ बनेरे ते
      – बाजरे दा सिट्टा 
    • जागो: पंजाब में शादी से एक रात पहले मनाई जाने वाली ‘जागो’ की रस्म में गाए जाने वाले लोकगीत बेहद जोश और मस्ती से भरे होते हैं। ‘जागो’ वाली रात में, दूल्हा या दुल्हन के रिश्तेदार अपने सिर पर घड़े रखकर पूरे गाँव में घूमते हैं, नाचते-गाते हैं और लोगों को शादी में शामिल होने का खुला निमंत्रण देते हैं। इनमें ‘जागो’ (सजा हुआ पीतल का घड़ा, जिस पर दीये जलते हैं) को सिर पर रखकर पूरे गाँव या मोहल्ले में घुमाया जाता है और सबको जगाने के लिए मस्तीभरे गीत गाए जाते हैं।   
    • सिट्ठणियाँ: पंजाबी लोक संस्कृति के वे पारंपरिक हँसी-मज़ाक और मीठे व्यंग्य भरे लोकगीत हैं, जिन्हें विवाह या सगाई के अवसर पर केवल महिलाओं द्वारा गाया जाता है। इनका मुख्य उद्देश्य बिना किसी दुर्भावना के माहौल को खुशनुमा बनाना और रिश्तेदारों के बीच छेड़छाड़ करना होता है।
      सिट्ठनियों की मुख्य विशेषताएँ
      – नानके बनाम दादके मुकाबला
      : शादी में ननिहाल पक्ष (नानकियां) और ददिहाल पक्ष (दादकियां) की महिलाएँ एक-दूसरे को संबोधित करते हुए चुटीले बोल गाती हैं।
      – बारात और दूल्हे से छेड़छाड़: लड़की पक्ष की महिलाएँ बारात के स्वागत या खाने के समय दूल्हे, उसके माता-पिता, और बारातियों की वेशभूषा या आदतों पर हँसी-ठिठोली करती हैं।
      – महिलाओं की भागीदारी: पारंपरिक रूप से इन्हें केवल महिलाएँ ही गाती हैं, और इसे ‘सिट्ठनियाँ देना’ कहा जाता है।
    • छंद: पंजाबी संस्कृति में ‘छंद’ शादी-ब्याह के अवसर पर गाए जाने वाले पारंपरिक लोकगीत हैं, जिन्हें विशेष रूप से दूल्हे द्वारा दुल्हन की बहनों (सालियों) और सहेलियों की फरमाइश पर सुनाया जाता है। इस रस्म को ‘छंद परागा’ भी कहा जाता है।
      छंद की मुख्य विशेषताएँ
      – हंसी-मजाक और नोकझोंक:
      सालियां दूल्हे की हाजिरजवाबी और बुद्धि की परीक्षा लेने के लिए उससे छंद सुनाने को कहती हैं।
      – तुकबंदी: छंद दो या चार पंक्तियों की छोटी कविता की तरह होते हैं, जिनकी शुरुआत अक्सर “छंद परागे आइए जाइए, छंद परागे…” से होती है।
      – पारंपरिक माहौल: यह रस्म बारात के स्वागत या शादी की अन्य रस्मों के दौरान माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए निभाई जाती है।
  • नृत्य और उत्सव गीत: ये गीत गिद्दा और भांगड़ा जैसे लोक नृत्यों और त्योहारों की जान हैं:
    • बोलियाँ और टप्पे: बोलियाँ (Boliyan) और टप्पे (Tappe) पंजाबी लोक-संगीत और संस्कृति की दो सबसे जीवंत और लोकप्रिय काव्य विधाएँ हैं, जिन्हें मुख्य रूप से शादियों, त्योहारों (जैसे लोहड़ी, बैसाखी) और गिद्दा-भांगड़ा के दौरान गाया जाता है।
      • बोलियाँ:
        – संरचना और शैली:
        बोलियाँ दो से अधिक पंक्तियों के छंद होते हैं, जिनमें हँसी-मजाक, व्यंग्य, प्रेम, पारिवारिक रिश्तों की नोक-झोंक और रोजमर्रा के जीवन की झलक होती है।
        – प्रस्तुति: इन्हें मुख्य रूप से गिद्दा (महिलाओं का लोकनृत्य) या भांगड़ा के दौरान ढोलक की थाप और तालियों के साथ गाया जाता है। एक व्यक्ति बोली शुरू करता है और अंत की पंक्ति पर पूरा समूह एक साथ नाचने लगता है। उदाहरण के लिए-
        “बारी बरसी खट्टण गया सी, खट्ट के लेयांदी लाची,
        गिद्दा (भंगड़ा) तां सजदा, जे नच्चे कुड़ी (मुंडे) दी चाची…” 
      • टप्पे:
        – संरचना और शैली:
        टप्पे दो पंक्तियों (दोहे की तरह) के छोटे और बेहद प्रभावशाली लोकगीत होते हैं। इनकी पहली पंक्ति अक्सर तुकबंदी बनाने के लिए प्रकृति या किसी सामान्य वस्तु से जुड़ी होती है, जबकि दूसरी पंक्ति में असली भाव (प्रेम, विरह या खुशी) छिपा होता है।
        – प्रस्तुति: टप्पों को अक्सर महिला और पुरुष पक्ष (या दो समूहों) के बीच सवाल-जवाब (जुगलबंदी) के रूप में गाया जाता है। संगीत की दुनिया में जगजीत सिंह और चित्रा सिंह के टप्पे बेहद मशहूर हैं। उदाहरण के लिए-
        “कोठे ते आ माहिया, कोठे ते आ माहिया,
        मिलणा ते मिल आके, नइं ते खसमां नू खा माहिया”
    • लोहड़ी और तीयां दे गीत: लोहड़ी और तीयां (तीज) पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति के दो प्रमुख त्योहार हैं, जिनके पारंपरिक गीतों में खुशियों, रिश्तों और ऋतु परिवर्तन की झलक मिलती है।
      • लोहड़ी: मकर संक्रांति से पहले लोहड़ी पर ‘सुंदर मुंदरिए’ (दुल्ला भट्टी की कथा) जो कि लोहड़ी का सबसे प्रसिद्ध लोकगीत है, जो दुल्ला भट्टी की वीरता और उदारता को समर्पित है।
        “सुंदर मुंदरिए… हो!
        तेरा कौन विचारा… हो!
        दुल्ला भट्टी वाला… हो!
        दुल्ले धी व्याही… हो!
        सेर शक्कर पाई… हो!
        कुड़ी दा लाल पटाका… हो!
        कुड़ी दा सालू पाटा… हो!
        सालू कौन समेटे… हो!
        चाचा गाली देसे… हो!
        चाचे चूरी कुट्टी… हो!
        जमींदारां लुट्टी… हो!”
      • तीयां: सावन के महीने में मनाया जाने वाला ‘तीयां’ मुख्य रूप से महिलाओं और नवविवाहित बेटियों का त्योहार है, जिसमें वे मायके आकर पींग (झूला) झूलती हैं और गिद्दा डालती हैं।
        “तीयां तीज दियां, लौंग गवाचा मेरा,
        तीयां तीज दियां, भैणां मिलियां ने आ के,
        नच्चो कुड़ियो रल-मिल के, आज खुशियां मना के।”
    • किकली और थाल: छोटी लड़कियों द्वारा खेल-खेल में गाए जाने वाले पारंपरिक गीत हैं जो भाई-बहन के प्रेम और लोक संस्कृति को दर्शाते हैं। किकली में लड़कियां हाथ पकड़कर गोल घूमती हैं, जबकि थाल में गेंद और विशेष बोलों का इस्तेमाल होता है।
  • प्रेम गाथाएँ और वीर रस: पंजाब की लोकगाथाओं में प्रेम और वीरता के किस्से बहुत लोकप्रिय हैं:
    • प्रेम गाथाएँ: हीर-रांझा, मिर्जा-साहिबां, सोहनी-महिवाल और सस्सी-पुन्नू की अमर प्रेम कहानियों को पारंपरिक धुनों में गाया जाता है। इनके अलावा माहिया, जुगनी, और ढोला प्रेम और विरह के प्रमुख गीत रूप हैं। 
    • वीर गाथाएँ: दुल्ला भट्टी, राजा रसालू, जग्गा जट्ट, जीऊणा मोड़ और शहीद भगत सिंह जैसे वीरों की बहादुरी का बखान करने वाले गीत, जिन्हें अक्सर ढाडी जत्थों द्वारा सारंगी और ढड्ड के साथ गाया जाता है।
  • प्रमुख पारंपरिक वाद्य यंत्र: इन लोकगीतों की संगत के लिए ढोल, ढोलक, ढड्ड, अलगोजा, तुंबी, चिमटा, सारंगी, रबाब, बुगचू और घड़ा जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का उपयोग किया जाता है।

लाल चंद यमला जट्ट, सुरिंदर कौर, प्रकाश कौर, आसा सिंह मस्ताना, कुलदीप माणक, गुरदास मान, आलम लोहार, अमर सिंह चमकीला, हंस राज हंस और वडाली बंधुओं जैसे प्रसिद्ध लोक गायकों ने पंजाबी संस्कृति और लोक संगीत को दुनिया भर में पहचान दिलाई है।

यदि आपको यह रचना पसंद आई है, तो इसे अन्य साहित्यप्रेमियों के साथ शेयर करें:

पंख हिन्दी — विशेष कार्ड